March 7, 2026

हरियाणा के नए DGP अजय सिंघल ने संभाला कार्यभार, बोले– रंगदारी मांगने वाले मेरे लिए आतंकवादी

Haryana/Alive News: हरियाणा के नए पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और जवानों ने सलामी दी। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी प्राथमिकताएं और विजन साझा किया।

डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि रंगदारी मांगने वाले चाहे किसी भी कानून की धाराओं में आते हों, लेकिन उनकी नजर में वे आतंकवादी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष द्वारा सवाल उठाना उनकी मजबूरी है, जबकि हकीकत यह है कि हरियाणा में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह ठीक है और सरकार का पुलिस को पूरा समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ जनता की सेवा के लिए ही नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए भी काम करेगी। उन्होंने अपनी बेटी की शादी का उदाहरण देते हुए कहा कि एक बैंक्वेट हॉल का किराया 5 लाख रुपये था, जो हर पुलिसकर्मी वहन नहीं कर सकता। इसलिए हर पुलिस लाइन में बैंक्वेट हॉल और कमरे बनाए जाएंगे, ताकि पुलिसकर्मियों पर आर्थिक बोझ न पड़े।

31 दिसंबर को बने थे DGP
बता दें कि 31 दिसंबर 2025 को अजय सिंघल को हरियाणा का नया डीजीपी नियुक्त किया गया था। UPSC की पैनल कमेटी द्वारा भेजे गए तीन नामों में से 1992 बैच के IPS अधिकारी अजय सिंघल का चयन किया गया।

पुलिसिंग में आए बड़े बदलाव
डीजीपी ने कहा कि पिछले 30 वर्षों में पुलिसिंग का तरीका कई बार बदला है। पहले पुलिसिंग अलग थी, फिर इंटरनेट आया और अब टेक्नोलॉजी का दौर है। अपराधी स्मार्ट हो गए हैं, इसलिए पुलिस को भी आधुनिक बनना जरूरी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन और पीछा करो जैसे अभियान चलाए हैं, जिनसे काफी मदद मिली है।

STF का पुनर्गठन और सख्त कार्रवाई
उन्होंने कहा कि STF को दोबारा संगठित किया जाएगा। महिलाओं और दलितों के खिलाफ अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डायल 112 सेवा देश में दूसरे नंबर पर है। विपक्ष अगर कमियां गिनाता है तो उन्हें दूर किया जाएगा, लेकिन हरियाणा में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।

पुलिस वेलफेयर पर खास फोकस
डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि पुलिसकर्मियों के बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी के लिए वेलफेयर फंड से आर्थिक मदद दी जाएगी। साथ ही पुलिसकर्मियों की मानसिक और शारीरिक सेहत पर भी ध्यान दिया जाएगा। 35 साल से अधिक उम्र के पुलिसकर्मियों के नियमित हेल्थ चेकअप की व्यवस्था की जाएगी और अनिवार्य छुट्टी की योजना को और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने यह भी साफ किया कि गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों के खिलाफ कार्रवाई पहले की तरह जारी रहेगी।