Chandigarh/Alive News: हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान गाली-गलौज करने के मामले में आज हरियाणा महिला आयोग के सामने पेश होना था। इसके लिए आयोग ने छुट्टी के दिन भी अपना ऑफिस खोला और दोपहर 2:30 बजे तक उनका इंतजार करने का फैसला किया।
हालांकि, मासूम शर्मा ने पहले ही साफ कर दिया था कि वे आयोग के सामने पेश नहीं होंगे। उन्होंने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि वे अभी बहुत व्यस्त हैं और इसकी जानकारी उन्होंने ईमेल के जरिए आयोग को दे दी है। उन्होंने यह भी कहा कि देहरादून की घटना के लिए वे माफी मांग चुके हैं।
क्या है पूरा मामला?
कुछ दिन पहले देहरादून के DAV कॉलेज में एक कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा ने स्टेज से गाली-गलौज की थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई उन्हें धमकी दे रहा है और उसे मंच से ही ललकारा। उनके इस व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया।
इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे, हालांकि उनके जाने के बाद यह विवाद हुआ।
इस मामले में देहरादून के डालनवाला थाने में सिंगर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह शिकायत DAV कॉलेज के छात्र प्रतिनिधि प्रांजल नौनी ने की थी। पुलिस ने अश्लीलता, अपमान और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया है।
मासूम शर्मा का कहना है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं, जिसकी वजह से वे मानसिक तनाव में थे। उन्होंने कहा कि इसी तनाव के कारण स्टेज पर उनका व्यवहार गलत हो गया। उन्होंने यह भी बताया कि एक संदिग्ध व्यक्ति होटल के आसपास घूम रहा था और उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था।
सिंगर ने दावा किया कि उनके अमेरिका में रहने वाले रिश्तेदार को भी धमकी मिली है। वे इस मामले में पुलिस को शिकायत देने और सीसीटीवी फुटेज सौंपने की बात कह रहे हैं।
मासूम शर्मा ने इस विवाद पर चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान माफी मांगी और कहा कि उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
इस पूरे मामले में अब हरियाणा महिला आयोग और पुलिस की कार्रवाई पर नजर है। सिंगर के पेश न होने से मामला और गरमा सकता है।

