May 17, 2024

हरियाणाः भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, 13 अप्रैल से होगी गरज के साथ बारिश

New Delhi/Alive News: भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे देश के ज्‍यादातर हिस्‍सों में आम जनजीवन अस्‍त व्‍यस्‍त है। 12 अप्रैल से सिलसिलेवार पश्चिमी हिमाचल के पास पहुंच रहे ये पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखाएंगे। नतीजतन 13 अप्रैल से उत्‍तर भारत के कुछ हिस्‍सों में गरज के साथ बारिश, धूल भरी आंधी चलेगी और गर्मी की लहर कम होगी।

हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पंजाब एवं अन्‍य राज्‍यों के कुछ हिस्सों में तेज धूप का दौर है, जोकि 12 अप्रैल तक जारी रह सकता है। यह उत्तरी मैदानी इलाकों को प्रभावित करने वाली गर्मी की लहर के सबसे लंबे दौरों में से एक हो सकता है। एक पश्चिमी विक्षोभ के 12 अप्रैल की रात को पश्चिमी हिमालय के पास पहुंचने की उम्मीद है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 15 अप्रैल के आसपास आएगा।

13 से 17 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश, धूल भरी आंधी और हल्की गरज के साथ छिटपुट प्री-मानसून गतिविधियां हो सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस अवधि के दौरान इन उपरोक्त क्षेत्रों से गर्मी की लहर कम हो सकती है। बीते मार्च के महीने में करीब चार से पांच पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय तक पहुंचे, लेकिन इनमें से कोई भी उतना सक्रिय नहीं था जो अपना असर दिखा सके। ये उत्तर भारत की पहाड़ियों पर बारिश या बर्फ़बारी के रूप में कोई महत्वपूर्ण मौसम गतिविधि देने में सक्षम नहीं थे।