May 2, 2024

हरियाणा : गन्नौर गांव में जीवानंद पब्लिक स्कूल की गिरी छत, तीसरी कक्षा के 27 बच्चों सहित 3 मजदूर घायल

Chandigarh/Alive News : गन्नौर के गांव बांय स्थित जीवानंद पब्लिक स्कूल में गुरुवार को एक कमरे की छत गिरने से तीसरी कक्षा के 27 बच्चे मलबे के नीचे दब गए। वहीं छत पर मिट्टी डालने के काम में जुटे 3 मजदूर भी मलबे में दबकर घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से सात बच्चों को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार गांव बांय स्थित जीवानंद पब्लिक स्कूल में गुरुवार को तीसरी कक्षा के कमरे की कच्ची छत पर मिट्टी डाली जा रही थी। इसी दौरान अचानक छत भरभरा कर नीचे गिर गई। जिससे कमरे में पढ़ाई कर रहे 27 बच्चे और छत पर काम कर रहे तीन मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल में भगदड़ मच गई।

घायल बच्चों में अंशु, लक्ष्मी, सूरज, स्कृति, भावना, दिव्या, सलोनी शामिल है। परिजनों ने बच्चों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है। 20 बच्चों और 3 मजदूरों का प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। वहीं हादसे की सूचना के बाद एसडीएम सुरेंद्र दूहन, सिविल सर्जन जयकिशोर व बड़ी थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।