March 7, 2026

हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर हड़ताल कर किया बस का चक्का जाम

Faridabad/Alive News: हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों ने आज रविवार को बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर हड़ताल कर बसों का चक्का जाम कर दिया। इस हड़ताल में बड़ी संख्या में ड्राइवर और कंडक्टर शामिल हुए। उनकी प्रमुख मांग है कि सरकार उन्हें उचित सुरक्षा प्रदान करे, जिससे वे अपनी ड्यूटी निडर होकर कर सकें।

कर्मचारियों ने बताया कि आए दिन प्रदेश भर में रोडवेज कर्मचारियों पर हमले हो रहे हैं। हाल ही में सोनीपत में एक फॉर्च्यूनर चालक ने रोडवेज कर्मचारी को रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया, जिसकी वीडियो भी वायरल हुई। फतेहाबाद, अंबाला और जीरकपुर जैसे शहरों में भी कर्मचारियों के साथ मारपीट और हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अंबाला में तो एक चालक की हत्या भी हो चुकी है।

हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि आज रविवार सुबह एक प्राइवेट बस चालक और परिचालक ने बिना परमिट यात्रियों को बैठाने के विवाद में रोडवेज कर्मचारियों के साथ मारपीट की। यह घटना बस स्टैंड पर पुलिस चौकी के सामने हुई। घायल कर्मचारियों का मेडिकल भी कराया गया और पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन छह घंटे बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

भारतीय मजदूर संघ से जुड़े यूनियन नेता और रोडवेज कर्मचारी सरकार से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि बसें बंद करना उनकी मजबूरी है, जनता को परेशानी हो रही है, लेकिन जब तक सुरक्षा नहीं मिलेगी, आंदोलन जारी रहेगा।

कर्मचारियों की मांग है कि सरकार रोडवेज स्टाफ की सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाए और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करे।