March 7, 2026

हरियाणा एनसीबी की फरीदाबाद यूनिट ने अंतरराज्यीय नशा तस्कर को राजस्थान से किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के तहत कार्यवाही करते हुए हरियाणा एनसीबी की फरीदाबाद यूनिट ने राजस्थान से एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया।जल्द ही आरोपी को न्यायालय में पेश करके आगे की कार्यवाही की जाएगी।

विस्तृत जानकारी देते हुए हरियाणा एनसीबी फरीदाबाद यूनिट के इंचार्ज मनोज सांगवान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुश्री पंखुरी कुमार के नेतृत्व व उप पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार के निर्देशन में थाना शहर नूह मे मुकदमा नंबर 277 दिनांक 24 दिसंबर 2024 को दर्ज किया गया था। उपरोक्त मुकदमा मे पहले अंतरराज्यीय नशा तस्कर नावेद पुत्र हामिद को 360 बोतल प्रतिबंधित नशीले कफ सिरप (कोडिन) सहित गिरफ्तार किया था जबकि एक अन्य आरोपी मोके से फरार होने मे कामयाब हुआ था।

पुलिस ने कार्यवाही करते हुए बताया कि फरीदाबाद यूनिट के एएसआई अनिल कुमार ने अपनी टीम के साथ मुकदमे के मुख्य और वांछित आरोपी आकिब पुत्र हारुन निवासी गाँव हामीराका, थाना शेखपुर अहीर, जिला खैरथल तिजारा, राजस्थान के मकान पर दबिश देकर अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया।

पुलिस कार्यवाही में आरोपी ने बताया कि वह कई वर्षों से अवैध नशीली दवाइयों का कारोबार कर रहा था। अतिरिक्त जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया की नशे के अवैध कारोबार मे शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।