May 3, 2024

हरियाणा: जनवरी से होगा खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आगाज, 8500 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना

Chandigarh/Alive News: हरियाणा ने पांच से 14 फरवरी 2022 तक आयोजित होने वाले चौथे ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स -2021’ के लिए तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। तीन जनवरी 2022 को केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में पंचकूला से इन खेलों का औपचारिक रूप से आगाज होगा। यह निर्णय गुरुवार को हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई खेलो इंडिया यूथ गेम्स -2021 की कार्यकारी समिति की बैठक में लिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम में कोविड महामारी अलर्ट के दिशा-निर्देश का कड़ाई से पालन किया जाएगा। तीन जनवरी, 2022 को होने वाले इस औपचारिक आगाज कार्यक्रम का आयोजन शाम 4.30 बजे पंचकूला के सेक्टर पांच स्थित इंद्रधनुष सभागार में होगा। जिसका लाइव प्रसारण सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर एवं सभागार के बाहर भी दिखाया जाएगा। औपचारिक आगाज कार्यक्रम में हरियाणा के ओलंपियन व अन्य खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। 

 बैठक में हरियाणा के खेल एवं युवा मामले विभाग के निदेशक पंकज नैन ने खेलों के आयोजन की तैयारियों पर एक प्रस्तुतिकरण भी दी। उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण, केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021’ में 25 खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें पांच पारंपरिक खेल जैसे कि गतका, मलखंभ और योग भी शामिल हैं। इनकी प्रतियोगिताएं पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में करवाई जाएंगी। 

इन खेलों में देश के 15 आयु वर्ग व 17 आयु वर्ग के 8500 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। इसके अलावा, स्पोर्ट्स एक्सपो भी आयोजित किया जाएगा। बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी, खेल एवं युवा मामले विभाग के प्रधान सचिव एके सिंह, मुख्यमंत्री की उपप्रधान सचिव आशिमा बराड़, पंचकूला के उपायुक्त महावीर कौशिक और पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह समेत कार्यकारी समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।