Chandigarh/Alive News: जनगणना-2027 के लिए हरियाणा सरकार ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। देश में पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होने वाली जनगणना का पहला चरण 1 मई 2026 से शुरू किया जाएगा। जनगणना के सुचारु और समयबद्ध संचालन के लिए केंद्र सरकार की ओर से लगभग 200 करोड़ रूपये का बजट प्रावधान किया गया है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना-2027 की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा गया कि डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से जनगणना को पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
बैठक में बताया गया कि पंचकूला, हिसार और फरीदाबाद जिलों में मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल प्री-टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस प्री-टेस्ट के सकारात्मक परिणामों की भारत सरकार के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त ने भी सराहना की है।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि डिजिटल तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए जनगणना प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, जिससे आंकड़ों की गुणवत्ता बेहतर हो और समय की भी बचत हो। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि हरियाणा जनगणना-2027 के सफल आयोजन में देश के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

