March 7, 2026

“हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान” निगम अधिकारी रोज करेंगे वार्डों का निरीक्षण – निगम आयुक्त

Faridabad/Alive News: निगम आयुक्त ने आज वार्ड-6 का दौरा कर वहां की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्षद कार्यालय में आम लोगों की समस्याएं सुनीं और जो मुद्दे तुरंत सुलझाए जा सकते थे, उनके लिए मौके पर ही अधिकारियों और सफाई विभाग को निर्देश दिए।

वार्ड की पार्षद गायत्री देवी और स्थानीय निवासियों ने निगम आयुक्त का फूलों से स्वागत किया और उनके वार्ड दौरे की सराहना की।

निगम आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर चल रहे 11-सप्ताह के “हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान” के तहत, अब निगम अधिकारी रोज सुबह अपने-अपने वार्डों का निरीक्षण करेंगे ताकि सफाई व्यवस्था बेहतर रहे।

उन्होंने पर्वतीय कॉलोनी जलघर, गुरुद्वारा रोड, अपना घर सोसायटी, गोच्छी ड्रेन समेत कई जगहों का निरीक्षण किया और आदेश दिया कि जहां भी सीएनडी वेस्ट (निर्माण का मलबा) हो, उसे तुरंत हटाया जाए।

इस मौके पर एनआईटी जॉइंट कमिश्नर जितेंद्र जोशी, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल, कार्यकारी अभियंता सतपाल, सफाई निरीक्षक बिशन तेवतिया सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।