May 2, 2024

हरियाणाः बीते 24 घंटे में मिले कोरोना के 8900 मामले, 16815 शिक्षकों ने नहीं लगवाई वैक्सीन

Chandigarh/Alive News: हरियाणा में कोरोना के सक्रिय मामले 51 हजार से ऊपर हो गए हैं। रविवार को 8900 नए संक्रमित मिले और छह मरीजों की मौत हुई। वयस्कों को दोनों डोज के अलावा 15 से 18 साल के बच्चों के टीकाकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बावजूद इसके प्रदेश के 16815 शिक्षकों ने अभी तक एक भी डोज नहीं लगवाई है। सरकार इनके खिलाफ जल्द कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है।

वहीं पंजाब के नौ जिलों में 13 मरीजों ने संक्रमण से अपनी जान गंवाई और 24 घंटे में 7396 संक्रमित मिले हैं। एनसीआर में शामिल हरियाणा के जिलों के साथ ही पंचकूला में सबसे अधिक नए केस सामने आ रहे हैं। रविवार को गुरुग्राम में 3378, फरीदाबाद में 1396, हिसार में 272, सोनीपत में 414, करनाल में 360, पानीपत 207, पंचकूला 718, अंबाला में 536, सिरसा में 214, रोहतक में 240, यमुनानगर 196 मिले है।

भिवानी में 103, कुरुक्षेत्र में 113, महेंद्रगढ़ में 49, जींद में 121, रेवाड़ी में 152, झज्जर में 180, फतेहाबाद में 65, कैथल में 95, पलवल 13, चरखी दादरी 45 व नूंह में 13 नए संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला व जींद में 1-1, पंचकूला में दो संक्रमितों की मौत हुई है। 4361 संक्रमित शुक्रवार को ठीक हुए। 16 जनवरी को 44244 लोगों के नमूने स्वास्थ्य विभाग ने लिए हैं।

संक्रमितों की रिकवरी दर कम होकर 92.75 फीसदी पहुंच गई है। रविवार को दैनिक संक्रमण दर बढ़कर 18.80 प्रतिशत हो गई। इसमें निरंतर इजाफा हो रहा है। प्रदेश में कुल सक्रिय मरीज 51253 हैं, जिनमें से 45272 होम आइसोलेशन में ही रखे गए हैं। राज्य के 14160 स्कूलों में 104162 शिक्षक कार्यरत हैं। जिनमें से 16815 ने एक भी डोज नहीं लगवाई है। 16167 शिक्षकों ने एक ही डोज लगवाई है। 71 हजार से अधिक शिक्षक दोनों डोज लगवा चुके हैं। यमुनानगर, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम व रेवाड़ी में 90 फीसदी शिक्षक टीकाकरण करवा चुके हैं।