March 7, 2026

सूरजकुंड मेले में हरिद्वार के राजकुमार के जूट उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में देशभर से आए कारीगर अपने पारंपरिक और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों से पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। बड़ी चौपाल के पास स्टॉल नंबर-296 पर हरिद्वार से आए कारीगर राजकुमार के जूट से बने उत्पाद लोगों की खास पसंद बन गए हैं।

राजकुमार ने बताया कि उनके स्टॉल पर जूट से बने चिड़ियों के घोंसले, दाना-पानी के बर्तन, हैंगिंग हाउस, वॉल हैंगिंग, शोपीस और घर की सजावट से जुड़े कई सुंदर सामान उपलब्ध हैं। ये सभी उत्पाद प्राकृतिक जूट से हाथों से तैयार किए गए हैं, जो मजबूत, टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल हैं।

उन्होंने कहा कि आजकल लोग अपने घरों को प्राकृतिक और इको-फ्रेंडली चीजों से सजाना पसंद कर रहे हैं। उनके जूट उत्पाद ड्राइंग रूम, बालकनी, गार्डन और बच्चों के कमरों की सुंदरता बढ़ाते हैं। खासकर चिड़ियों के घोंसले लोगों को प्रकृति से जुड़ने का संदेश देते हैं।

राजकुमार के अनुसार, उनके स्टॉल पर सामान की कीमत 100 रुपये से 500 रुपये तक है, ताकि हर वर्ग का व्यक्ति इन्हें खरीद सके। किफायती दाम और अच्छी गुणवत्ता के कारण पूरे दिन ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। कई पर्यटक इन वस्तुओं को अपने घर के लिए और उपहार के रूप में भी खरीद रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ये उत्पाद केवल सजावट के लिए नहीं, बल्कि पक्षियों के संरक्षण का संदेश भी देते हैं। शहरों में पक्षियों के लिए सुरक्षित स्थान कम होते जा रहे हैं, ऐसे में ये घोंसले और हैंगिंग हाउस उनके लिए आश्रय का काम करते हैं। कई लोग इन्हें अपने घर और बगीचे में लगाकर बच्चों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना चाहते हैं।

राजकुमार ने कहा कि इन उत्पादों के निर्माण से कई ग्रामीण कारीगरों और परिवारों को रोजगार मिल रहा है। उनका उद्देश्य पारंपरिक हस्तकला को बढ़ावा देना और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले शिल्पकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अच्छा मंच देते हैं। उन्होंने मेले की बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन मंत्री अरविंद कुमार शर्मा का धन्यवाद भी जताया।

मेले में आने वाले पर्यटकों का कहना है कि प्राकृतिक, हैंडमेड और इको-फ्रेंडली जूट उत्पाद कम कीमत में सुंदर डिजाइन और टिकाऊ गुणवत्ता देते हैं। यही कारण है कि स्टॉल नंबर-296 मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो गया है।