March 7, 2026

हांसी बना हरियाणा का 23वां जिला, CM नायब सैनी की घोषणा, एक हफ्ते में नोटिफिकेशन जारी होगा

Haryana/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को नया जिला बनाने की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही हांसी हरियाणा का 23वां जिला बन गया है। मुख्यमंत्री ने हांसी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह ऐलान किया। घोषणा होते ही लोगों ने तालियां बजाईं और शहर में खुशी का माहौल बन गया। कई जगहों पर आतिशबाजी भी की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में हांसी को पुलिस जिला बनाने की घोषणा हुई थी। चुनाव के दौरान वे हांसी आए थे, लेकिन आचार संहिता लगने के कारण घोषणा नहीं हो सकी। आज वे उस अधूरे सपने को पूरा करने आए हैं।

हांसी जिले में 2 उपमंडल, 3 तहसील और 1 उपतहसील होंगी। इसमें कुल 97 राजस्व गांव और 110 ग्राम पंचायतें शामिल की जाएंगी। हांसी और नारनौंद उपमंडल, हांसी, नारनौंद और बास तहसील तथा खेड़ी चौपटा उपतहसील को नए जिले में शामिल किया गया है। अधिकारियों ने जिले का ड्राफ्ट तैयार कर राजस्व विभाग को भेज दिया है। एक सप्ताह के भीतर इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। पुलिस जिले की सीमाओं को ही राजस्व जिले की सीमा माना जाएगा।

जिला बनने से हांसी के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब उन्हें डीसी से मिलने या मुकदमों की पैरवी के लिए हिसार नहीं जाना पड़ेगा। हांसी में ही डीसी कार्यालय और जिला एवं सत्र न्यायालय बनेगा। किसानों और आम जनता को भी सभी प्रशासनिक सुविधाएं अपने जिले में मिलेंगी। अलग जिला बनने से हांसी को अलग बजट मिलेगा, जिससे विकास कार्यों में तेजी आएगी।

विधायक विनोद भयाना ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि हांसी के लोग इस दिन को कभी नहीं भूलेंगे। वहीं सफीदों विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि वे जातिवाद के खिलाफ हैं और समाज को बांटने वालों का विरोध करते रहेंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, विधानसभा स्पीकर कृष्ण लाल मिड्ढा, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता सहित कई विधायक और नेता मौजूद रहे। रैली के लिए तोशाम रोड पर विशाल पंडाल लगाया गया, जिसमें हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 10.84 करोड़ रुपये का मल्टीपरपज हॉल, 200 करोड़ रुपये की नई पुलिस लाइन, 61.44 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना, और दो नए 33 केवी बिजली सब-स्टेशनों का उद्घाटन शामिल है।

हांसी के जिला बनने के साथ ही हिसार का यह चौथा विभाजन होगा। इससे पहले हिसार से भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद और चरखी दादरी जिले अलग हो चुके हैं। अब 16 दिसंबर 2025 को हांसी भी अलग जिला बन गया है।