June 26, 2026

नहर में कूदा युवक, NDRF की 3 किमी तक तलाश फिर भी कोई सुराग नहीं

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में एत्मादपुर पुल के पास आगरा नहर में सोमवार देर रात एक 23 वर्षीय युवक ने नशे की हालत में नहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रात में ही युवक की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा ज्यादा होने के कारण उसका कोई पता नहीं चल सका।

मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पल्ला थाना और खेड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने NDRF के साथ मिलकर दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे तक नहर में सर्चिंग की गई और लगभग तीन किलोमीटर तक का इलाका खंगाला गया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान युवक के परिजन भी मौके पर मौजूद रहे।

नहर में कूदने वाले युवक की पहचान 23 वर्षीय नवनीत के रूप में हुई है। उसके पिता उमेश सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे उनके बड़े बेटे ने फोन कर जानकारी दी कि नवनीत एत्मादपुर पुल के पास नहर में कूद गया है। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने बेटे की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद डायल 112 पर कॉल की गई, जिस पर पुलिस और ERV टीम मौके पर पहुंची।

बचाने के लिए भाई भी नहर में कूदा
परिजनों के अनुसार, नवनीत अपने बड़े भाई और चचेरे भाई के साथ सेक्टर-31 गया था, जहां तीनों ने शराब पी थी। इसके बाद वे बाइक से एत्मादपुर पुल पहुंचे। रास्ते में नवनीत ने पहले पेशाब के बहाने बाइक रुकवाई और कुछ देर बाद दोबारा बाइक रुकवाकर अचानक पुल से नहर में छलांग लगा दी।

उसे बचाने के लिए उसका बड़ा भाई और चचेरा भाई भी नहर में कूद गए, लेकिन अंधेरा ज्यादा होने के कारण वे नवनीत को नहीं बचा सके। युवक नहर में बह गया और अब तक लापता है। पुलिस और प्रशासन की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।