March 7, 2026

सूरजकुंड मेले में हैमर झूला हादसा: पुलिस इंस्पेक्टर की मौत, 13 घायल

Faridabad/Alive News: अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले के मनोरंजन पार्क में शनिवार शाम करीब छह बजे बड़ा हादसा हो गया। हैमर झूला टूटने से पलवल पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण झूले का बोल्ट टूटना बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय झूले पर करीब 20 से 25 लोग सवार थे। अचानक झूला टूटकर बाईं ओर गिर गया। इस दौरान इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद झूले में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। तभी झूला अचानक दाईं ओर झुक गया, जिससे उनकी गर्दन झूले और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई। उन्हें तुरंत सुप्रीम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर जगदीश मूल रूप से मथुरा जिले के निवासी थे और सूरजकुंड मेले में मनोरंजन पार्क के प्रभारी के तौर पर तैनात थे।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा सहित मेला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। हादसे के बाद एहतियातन मेले के सभी झूलों को बंद कर दिया गया है।

घायलों में पुलिस विभाग की एएसआई नीलम (एसजीएम नगर थाना), गुरुग्राम के बादशाहपुर क्षेत्र की निवासी पूजा, महेंद्रगढ़ जिले के आरोहा गांव के शिवानी व परविंदर, हिमाचल प्रदेश के बलबीर व सुमित तथा राजस्थान के प्रशांत समेत अन्य शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले शनिवार शाम को ही सूरजकुंड मेले में एक सजावटी गेट गिरने की घटना भी सामने आई थी, जिसमें सेक्टर-28 फरीदाबाद निवासी सुमित मल्होत्रा घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सूरजकुंड मेले में हुए हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की और जिला उपायुक्त से बातचीत कर घायलों के इलाज के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराएगी।