September 16, 2026

हैदर ने राहुल बनकर प्रेम जाल में फंसाया, गहने और रुपये लेकर मुंबई से फरीदाबाद आई किशोरी

Faridabad/Alive News: बड़खल निवासी हैदर ने इंस्टा पर फर्जी अकाउंट बनाकर मुंबई की एक किशोरी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोपी ने किशोरी को मिलने के बहाने फरीदाबाद बुलाया। रेलवे स्टेशन पर बातचीत कर रहे युवक पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने जब युवक की आईडी देखी तो उसकी असलियत का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक किशोरी मुंबई के पालघर की रहने वाली है। इंस्टाग्राम पर करीब दो महीने पहले उसकी राहुल नाम के युवक से दोस्ती हुई। उसने किशोरी को मिलने के लिए फरीदाबाद बुलाया। किशोरी अपने घर से गहने और रुपये लेकर पहले अमृतसर गई। इस बीच उसके माता-पिता ने उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज करा दिया।

अमृतसर में 10 दिन रहने के बाद फरीदाबाद में राहुल उर्फ हैदर से मिलने पहुंची। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर दोनों बातचीत कर रहे थे। जीआरपी को दोनों पर शक हुआ। उन्होंने जांच की तो किशोरी ने सारी बात बताई। जीआरपी ने राहुल उर्फ हैदर को हिरासत में लेकर मुंबई पुलिस को सूचित कर दिया। मुंबई पुलिस ने बड़खल फरीदाबाद निवासी हैदर को गिरफ्तार कर लिया।