March 29, 2024

परिवारिक कलह के चलते गई युवक की जान, ससुराल वालों पर लगा हत्या का आरोप

Faridabad/Alive News : बीते रविवार को शटरिंग का काम करने वाले विनोद नाम के युवक की सुसराल में हत्या करने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर पैसों को लेकर झगड़ा होता रहता था। मृतक विनोद की मां का कहना है कि तीन दिन से उनका बेटा सुसराल के पास किराए पर कमरा लेकर रह रहा था और ससुराल वालों पर ही विनोद की हत्या करने का आरोप लगाया है। छायंसा थाना पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी मंगल सिंह ने बताया कि सबसे छोटे बेटे विनोद (28) की शादी 2012 में गांव मोटूका की सविता के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही सविता और उसके माता-पिता समेत अन्य विनोद पर ज्यादा पैसे कमाने के लिए दबाव डालने लगे। सविता कहती थी कि विनोद किसी अन्य जगह पर या उसके मायके में रहे। इसी बात को लेकर रोजाना लड़ाई करती थी। मंगल सिंह ने बताया कि करीब तीन साल से विनोद अपने पत्नी और बच्चों के साथ गांव मोटूका के पास किराए के मकान में रहने चला गया था। 22 जनवरी को विनोद का फोन आया कि सविता और उसके परिवार वाले उसकी पिटाई कर रहे हैं। कुछ समय बाद सविता के बड़े भाई तिलक का फोन आया कि विनोद से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद बीते सोमवार को परिजनों को सौंप दिया।