May 18, 2024

जीवा स्कूल में हर्षोउल्लास से मनाई गई गुरु नानक देव जयंती

Faridabad/Alive News : सैक्टर 21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रार्थना सभा में गुरूपर्व के त्योहार को परंपरागत ढंग से मनाया गया। इस कार्यक्रम में छात्रों ने गुरुपर्व के महत्व को विस्तार पूर्वक बताया। कक्षा पहली से लेकर बारहवीं तक के छात्र इस विशेष प्रार्थना सभा में उपस्थित रहे। इस दौरान छात्रों ने गुरूनानक देव के जीवन के विषय में बताया और कीर्तन का महत्व भी बताया गया। इसके साथ साथ बच्चों को गुरूनानक देव के जीवन से संबंधित एक छोटी सी मूवी भी दिखाई गई।

कक्षा पहली से लेकर पांचवी तक के छात्रों ने भी कार्यक्रम में भाग लेते हुए सेवा, दया और परोपकार की भावना के विषय में बताया। छात्रों ने सुंदर गीत भी प्रस्तुत किया। शबद गायन, मूल मंत्र, पाठ, प्रभातफेरी तथा लघु नाटिका द्वारा गुरु नानक देव के सिद्धांतों को प्रदर्शित किया।

प्रार्थना सभा में विद्यालय की बारहवीं कक्षा की छात्रा आरती चंदीला को भी समानित किया गया। आरती ने राष्ट्रीय स्तर पर कराटे प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। के.एस.आर.एफ.आई. नेशनल कराटे चैंपियनशिप 2022 का आयोजन नाज़ावा शोतोकान फेडरेशन ऑफ इंडिया के सौजन्य से 6 नवबंर को नई दिल्ली के पंजाबी बाग स्थित गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल मे आयोजित किया गया। जिसमें एन.सी.आर समेत अनेक अन्य राज्यों से भी छात्रों ने भाग लिया। विद्यालय के लिए यह गर्व का विषय रहा कि इस कड़े मुकाबले में भी आरती चंदीला ने अपने आयु वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

इस दौरान स्कूल की प्रधानाचार्या अपर्णा शर्मा द्वारा एक विशेष अभियान की भी घोषणा की गई। उन्होंने बताया कि जीवा स्कूल में प्लास्टिक की चीजो का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया जाएगा और उसके स्थान पर स्टील की चीजों का प्रयोग किया जाएगा। इसकी शुरुआत विद्यालय के मैनेजमेंट की ओर से हो चुकी है। विद्यालय में प्लास्टिक की बोतलों के स्थान पर कांस्य के पात्र प्रयोग में लाए जा रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान ने सभी को गुरूपर्व की शुभकामनाएँ दी एवं आरती चंदीला को उसकी उपलब्धि के लिए बधाई भी दी।