May 2, 2024

गुजरात: बीजेपी विधायक दल की बैठक आज, नए सीएम के नाम का होगा ऐलान

Gujarat/Alive News : विजय रूपाणी के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद गुजरात में सियासी संकट को सुलझाने के लिए रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। बैठक को लेकर ऐसी उम्मीद जताई जा रहीं है कि इस बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का फैसला हो जाएगा। गुजरात का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसके लिए कई नाम रेस में चल रहे हैं। वहीं उपयुक्त मुख्यमंत्री चुनने के लिए पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रह्लाद जोशी को चुना गया है। 

वहीं गुजरात के मुख्यमंत्री के इस्तीफे पर बयान देते हुए शिवसेना नेता के अनुसार यह भाजपा का अंदरूनी मामला है। उन्होंने कहा कि हम उत्तर प्रदेश में करीब 100 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, जो अगले साल होगी। गोवा में हम 20 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, हम गठबंधन कर सकते हैं।

जानकारी के अनुसार गुजरात भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के आवास पहुंच कर नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा कर रहे हैं। इससे पहले मीडिया को संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि हम यहां गुजरात के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा करने आए हैं। हम प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।