June 11, 2025

ग्रेटा थनबर्ग को इजरायल ने देश से निकाला, गाजा जाने वाला जहाज सीज

स्वीडन की पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग को इजरायल ने देश से डिपोर्ट कर दिया है। ग्रेटा एक जहाज के जरिए गाजा जा रही थी, जिसमें राहत सामग्री भी लदी थी। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह जहाज बिना इजाजत गाजा की ओर जा रहा था, इसलिए उसे सीज कर लिया गया।

इस जहाज में ग्रेटा के अलावा 12 अन्य लोग भी थे, जिनमें पत्रकार भी शामिल थे। ग्रेटा थनबर्ग को हिरासत में लेकर तेल अवीव एयरपोर्ट ले जाया गया और वहां से फ्रांस भेज दिया गया। इजरायली विदेश मंत्रालय ने प्लेन की एक तस्वीर भी शेयर की है जिसमें बताया गया है कि ग्रेटा अब फ्रांस रवाना हो चुकी हैं।

इजरायली अधिकारियों का कहना है कि गाजा में किसी भी जहाज को बिना अनुमति के प्रवेश की इजाजत नहीं है। उन्होंने पहले ही ग्रेटा को चेतावनी दी थी कि गाजा में आना हमास को मदद देना माना जाएगा।

इधर, सोमवार को इजरायल ने गाजा में फिर से हमला किया, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 14 लोग गाजा के एक सहायता केंद्र से जुड़े थे, जो अमेरिका की मदद से चलाया जा रहा था।

ग्रेटा जिस जहाज ‘मदलीन’ से आई थी, उसमें अल जजीरा के पत्रकार उमर फयाद भी मौजूद थे। अब सभी यात्रियों को इजरायल ने वापस भेज दिया है।