March 8, 2026

जीवा स्कूल में इंट्रैक्ट क्लब इंस्टॉलेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन

Faridabad/Alive News: जीवा पब्लिक स्कूल में इंटरैक्ट क्लब के नए सत्र की शुरुआत के लिए शपथ ग्रहण कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इंटरैक्ट क्लब, रोटरी क्लब की एक युवा शाखा है, जिसका उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीवा संस्थान के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान ने की। उनके साथ जीवा आयुर्वेद के एमडी श्री मधुसूदन चौहान, विद्यालय की उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव, उपप्रधानाचार्या श्रीमती रितु कंवर और क्लब की संयोजिकाएँ सुश्री दीपा गाबा व सुश्री गीता रावत मंच पर मौजूद रहीं।

इस अवसर पर रोटरी क्लब के कई सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य अतिथि रोटेरियन मोना पुरी (इंटरैक्ट चेयर), विशिष्ट अतिथि रोटेरियन अमित गर्ग (सहायक गवर्नर, ज़ोन 20), रोटेरियन अनमोल जिंदल (पेरेंट्स क्लब प्रेसिडेंट), रोटेरियन करन गुप्ता, रोटेरियन नेहा जिंदल, रोटेरियन दीप्ति गुप्ता, रोटेरियन अंकुर अग्रवाल, रोटेरियन सुशांत गुप्ता, रोटेरियन भावतोष हांडा और रोटेरियन नीरज भूटानी शामिल रहे।

पूर्व अध्यक्षा हिमांगी नरूला ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा किया और नवनिर्वाचित अध्यक्षा यशिका को कॉलर पहनाकर जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद क्लब के सभी नव-निर्वाचित सदस्यों को विशेष पिन लगाकर सम्मानित किया गया और पेरेंट्स क्लब के प्रेसिडेंट रोटेरियन अनमोल जिंदल ने सभी को शपथ दिलाई।

इस वर्ष इंटरैक्ट क्लब की जिम्मेदारी निम्नलिखित छात्रों को सौंपी गई: अध्यक्ष: यशिका (कक्षा 11), सह-सचिव: वंशिका शर्मा, सेक्रेटरी: विभोर, सर्जेंट एट आर्म्स: आशना, कोषाध्यक्ष: डॉल्सी, जॉइंट सेक्रेटरी: तन्वी, डायरेक्टर ऑफ पब्लिक इमेज: नंदनी, डायरेक्टर ऑफ क्लब सर्विस: जयेश,डायरेक्टर ऑफ वोकेशनल सर्विस: समायरा, कम्युनिटी सर्विस प्रोजेक्ट डायरेक्टर: ज़ैद।

रोटेरियन अनमोल जिंदल ने रोटरी क्लब द्वारा किए गए समाजसेवी कार्यों की वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी और छात्रों को इस क्लब से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि सुश्री मोना पुरी ने जीवा स्कूल की सकारात्मक ऊर्जा और शैक्षणिक वातावरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्कूल छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ जीवन कौशल भी सिखाता है।

जीवा आयुर्वेद के एमडी मधुसूदन चौहान ने कहा कि आज की दुनिया में सच्चा सुख जीवन के मूल्यों में है, न कि सिर्फ अंकों या भौतिक सुख-साधनों में। उन्होंने बताया कि जीवा स्कूल का उद्देश्य बच्चों को नैतिकता, सेवा भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव देना है।

अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने मंच से उपस्थित अतिथियों को जीवा लर्निंग सिस्टम की विशेषताओं से अवगत कराया।

अंत में, उपप्रधानाचार्या रितु कंवर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।