March 7, 2026

तिकोना पार्क के श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में जन्माष्टमी पर होगें भव्य आयोजन, एक लाख श्रद्धालु आने की उम्मीद 

Faridabad/Alive News: जन्माष्टमी भारत में मनाए जाने वाला सबसे प्रमुख त्योहार है। मान्यता है कि इस दिन भगवान श्री कृष्ण का जन्म हुआ था। जन्माष्टमी के त्योहार को देश के हर कोने में धूमधाम से मनाया जाता है। कल शनिवार को जन्माष्टमी मनाई जाएगी जिसकी तैयारियां आज शुक्रवार को मंदिरों में जोरो शोरो से देखने को मिल रही है। 

एनआईटी तिकोना पार्क स्थित श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में जन्माष्टमी की तैयारियां जोरो शोरो से चल रही है। मंदिर को फूलों और लाइट से सजाया गया है। 

मंदिर के प्रधान जगदीश भाटिया ने बताया कि कल जन्माष्टमी के उत्सव के लिए सुबह 5 बजे से हवन होगा और सुबह साढ़े सात बजे दुर्गा अष्टमी के हवन का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर एक महीने पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई थी। मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए 25 फुट लंबा श्रीकृष्ण जी का झूला लगाया जाएगा। श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए मंदिर परिसर में अलग अलग स्थानों में अलग अलग देवी देवताओं की झांकियां तैयार की गई है। जिन में आकर्षण का केंद्र श्रीराधा कृष्ण की झांकी, ताड़का वध की झांकी, समुद्र मंथन की झांकी, सीता राम की झांकी और शिव परिवार झांकियां रहेंगी। श्रीकृष्ण जी के झूले को झूलने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद और बांसुरी दी जायेगी। 

प्रधान ने बताया कि मंदिर परिसर में कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए गायक लता प्रदेशी धार्मिक गीतों का संमा बांधेगी।   

उन्होंने बताया कि मंदिर के कार्यक्रम में हर साल 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन के लिए आते है। उन्हें उम्मीद है कि इस बार भी 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन के लिए आएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में 16 कमरे, पुलिसकर्मी और सेवादार तैनात रहेंगे। 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, बड़खल विधायक धनेश अदलखा और नगर निगम मेयर प्रवीन जोशी उपस्थित होंगी।