March 7, 2026

अनाज मंडी बल्लभगढ़ साधु हत्याकांड: क्राइम ब्रांच DLF ने दूसरे आरोपी को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के अनाज मंडी बल्लभगढ़ में हुए साधु की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने 26 जनवरी को शनि देव राम निवासी सैदपुर, बिहार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार यह मामला थाना आदर्श नगर में दर्ज है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कल्लू नामक व्यक्ति, जो अनाज मंडी बल्लभगढ़ में पल्लेदारी का काम करता है, ने शिकायत दी थी कि बाबा विजय गुप्ता नाम का एक साधु अनाज मंडी में घूमता रहता था और रात में वहीं सो जाता था।

8 और 9 जून 2025 की रात को अनाज मंडी में बेलदारी का काम करने वाले 2–3 युवकों ने बाबा के साथ मारपीट की और डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। इस शिकायत के आधार पर थाना आदर्श नगर में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी शनि देव राम भी अनाज मंडी में बेलदारी का काम करता था। घटना वाली रात उसकी और उसके साथी संजीत मेहतो की बाबा विजय गुप्ता से कहासुनी हो गई थी। गुस्से में आकर दोनों ने मिलकर बाबा की डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में संजीत मेहतो को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने आरोपी शनि देव राम को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।