March 8, 2026

चोरी का सामान खरीदने वाला सुनार गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की बड़ी कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपराधियों पर नकेल कसते हुए चोरी का सामान खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने आरोपी के पास से 24 चांदी के सिक्के (10 ग्राम प्रत्येक), 2 चांदी के सिक्के (20 ग्राम प्रत्येक) और आधा किलो वजन की एक जोड़ी पायल बरामद की है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राहुल, निवासी सेक्टर-28, ने शिकायत दी थी कि उसके सास-ससुर अमेरिका गए हुए थे। 2 जुलाई को उसके ससुर ने फोन कर बताया कि घर में चोरी हो गई है। जब राहुल घर पहुंचा तो उसने देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ था और नकदी, चांदी के सिक्के व ज्वेलरी गायब थे। इस पर थाना सेक्टर-31 में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने चोरी का सामान खरीदने वाले अशोक सोनी (35), निवासी राजीव नगर, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि अशोक ने चोरी की ज्वेलरी और सिक्के आरोपियों बजरंग और मुलचंद से 30,000 रुपये में खरीदे थे। अशोक की सुनार की दुकान आरोपी बजरंग के घर के पास ही है।

पुलिस ने बताया कि चोरी के मुख्य आरोपी बजरंग और मुलचंद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।