March 8, 2026

चोरी का सामान ख़रीदने वाला सुनार गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: अपराध शाखा एवीटीएस की पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, जनवरी महीने में गांव करनेरा निवासी नवीन त्यागी के घर में रात के समय छह लोग दीवार कूदकर घुस आए थे। बदमाशों ने परिवार को हथियार दिखाकर बंधक बना लिया और अलमारी से नकदी, सोने-चांदी के गहने और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने जितेंद्र वर्मा (42), निवासी गांव जखेड़ा, उत्तर प्रदेश को पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि वह हापुड़ के स्याना गांव में सुनार का काम करता था और उसने चोरी का सामान खरीदा था। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।