June 6, 2026

सोना 10,000 और चांदी 18,000 महंगी, इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% की गई

New Delhi/Alive News: केंद्र सरकार ने सोना और चांदी के आयात पर लगने वाली ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% कर दी है। सरकार के इस फैसले के बाद बुधवार को MCX (वायदा बाजार) में सोने की कीमत करीब दस हजार रुपये चांदी की कीमत करीब 18 हजार रुपये बढ़ गई।

अब 10 ग्राम सोने का भाव करीब 1.63 लाख और 1 किलो चांदी का भाव लगभग 2.97 लाख पहुंच गया है। सरकार का कहना है कि यह कदम विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने और आयात घटाने के लिए उठाया गया है। अमेरिका-ईरान तनाव के बीच यह फैसला लिया गया है।

सरकार ने सोने पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लगाया है। इससे कुल टैक्स 15% हो गया है। इससे पहले 2024 के बजट में इंपोर्ट ड्यूटी 15% से घटाकर 6% की गई थी।

तस्करी बढ़ने की आशंका

ज्वेलरी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि टैक्स बढ़ने से सोने की तस्करी बढ़ सकती है। उनका दावा है कि जब पहले ड्यूटी कम की गई थी, तब स्मगलिंग में कमी आई थी।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के नेशनल सेक्रेटरी सुरेंद्र मेहता ने कहा कि सरकार ने चालू खाता घाटा (Current Account Deficit) नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया है। हालांकि, पहले से महंगे सोने के बीच यह फैसला मांग को प्रभावित कर सकता है।

फैसले को आसान भाषा में समझें

1. क्या बदलाव हुआ?

पहले सोना-चांदी के आयात पर 6% ड्यूटी लगती थी, जिसे अब बढ़ाकर 15% कर दिया गया है।

हाल ही में सरकार ने 3% IGST के नियमों में भी बदलाव किया था। इसके बाद बैंकों को सोना आयात करते ही तुरंत टैक्स जमा करना पड़ रहा है। इसी वजह से कई बैंकों ने फिलहाल सोने का आयात कम कर दिया है।

2. सरकार ने ऐसा क्यों किया?

भारत दुनिया में सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। देश में सोने की मांग पूरी करने के लिए भारी मात्रा में आयात करना पड़ता है, जिससे डॉलर बाहर जाता है और अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ता है।

सरकार चाहती है कि सोने का आयात कम हो ताकि विदेशी मुद्रा की बचत हो सके और व्यापार घाटा कम किया जा सके।

3. आम लोगों पर क्या असर पड़ेगा?

  • सोना और चांदी अब पहले से ज्यादा महंगे मिलेंगे।
  • ऊंचे टैक्स के कारण बाजार में सप्लाई कम हो सकती है।
  • शादी और त्योहारों के सीजन में ज्वेलरी खरीदना महंगा पड़ेगा।

अर्थव्यवस्था पर असर

सरकार का मानना है कि इससे व्यापार घाटा कम होगा और रुपए को मजबूती मिल सकती है। हाल ही में रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 95.50 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया था।

पीएम मोदी ने सोना न खरीदने की अपील की

प्रधानमंत्री ने 10 और 11 मई को देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि देशहित में विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों को कुछ समय तक सोने के गहने खरीदने से बचना चाहिए।

IGST नियमों में क्या बदला?

नए नियमों के तहत अब बैंकों को सोना आयात करते ही 3% IGST तुरंत चुकाना पड़ रहा है। पहले बैंक यह टैक्स बाद में जमा करते थे।

अब एडवांस टैक्स के रूप में बड़ी रकम फंसने से बैंकों पर कामकाजी पूंजी का दबाव बढ़ गया है। इसी कारण कई बैंकों ने फिलहाल सोने का आयात रोक दिया है।