April 27, 2024

हरियाणा की धरती से निकला गीता का संदेश विश्व मानवता के लिए है कल्याणकारी: योगी

Faridabad/Alive News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हरियाणा की धरती से निकला श्रीमद्भागवद् गीता का संदेश विश्व मानवता के लिए कल्याणकारी है। यह धरती वीरों, संतों और ईश्वर की भूमि है। क्योंकि महाभारत का युद्ध भी यहीं हुआ और भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीला भी यहीं रचाई थी इसलिए यह पालन भूमि कही जाती है।

योगी आदित्यनाथ सोमवार को जिला के प्याला गांव स्थित नाथ संप्रदाय के प्राचीन प्यला कुटी मठ में ब्रह्मलीन महंत सोमनाथ की प्रतिमा का अनावरण व महंत मगंलनाथ को गद्दीनशीन करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महर्षि वेदव्यास का यह क्षेत्र कोरवों व पांडवों की कर्मस्थली रहा है।

उन्होंने पूरे देश से प्याला कुटी मठ में पहुंचे नाथ संप्रदाय के साधु-संतो का अभिवादन करते हुए कहा कि आज हम महंत सोमनाथ की प्रतिमा का अनावरण कर रहे हैं। महंत सोमनाथ एक सिद्ध संत थे और अपना सहजता से लोक मंगल की कामना करते थे। प्याला कुटी के नए गद्दीनशीन महंत मंगलनाथ को भी बधाई दी।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री महेंद्र नाथ, पृथला के विधायक नयनपाल रावत, तिगांव के विधायक राजेश नागर, उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी, महंत चेतईनाथ महाराज, महंत कृष्णनाथ महाराज, महंत सेवानाथ महाराज, महंत सेवानाथ, महंत हरिनाथ, महंत गोपालनाथ, महंत दौलतनाथ, महंत मंगलनाथ, ठाकुर राजाराम, सरपंच टेकचंद शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।