May 20, 2024

बालों से लेकर चेहरे के लिए फायदेमंद घी, मिलता है पार्लर जैसा ग्लो, ऐसे करें इस्तेमाल

Lifestyle/Alive News: भारतीय रसोई में सबसे जरूरी चीजों में से एक शुद्ध देसी घी है। इसका उपयोग प्राचीन काल से ही खाना पकाने, धार्मिक अनुष्ठानों के लिए दीपक जलाने और बीमारियों के इलाज के लिए किया जाता रहा है। इसका उल्लेख ऋग्वेद सहित प्राचीन भारतीय ग्रंथों में मिलता है। घी में फैटी एसिड और गुड कोलेस्ट्रॉल होता है। अच्छी सेहत के लिए घी खाना जरूरी माना जाता है। लेकिन घी से घर बैठे पार्लर जैसा ग्लो मिल सकता है, ये ब्यूटी टिप्स बहुत कम लोग जानते हैं।

घी विटामिन ए और ई के साथ-साथ एंटीऑक्सीडेंट से भी भरपूर होता है। विटामिन ए, ई और हेल्दी फैटी एसिड स्किन के लिए बहुत फायदेमंद माने जाते हैं। नॉर्मल से ड्राई स्किन की नमी बनाए रखने और चमक बढ़ाने के लिए घी का उपयोग किया जा सकता है। मदद करने के लिए पोषण आवश्यक है। यह त्वचा को मुलायम भी बनाता है। पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर घी बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करने में मदद करता है और स्किन को यंग बनाये रखता है। यही कारण है कि घी उम्र बढ़ने के संकेतों, जैसे झुर्रियां, फाइन लाइन्स, लचीलेपन में कमी आदि को रोकने में मदद करता है।

स्किन पर ऐसे करें घी का इस्तेमाल
रात को क्लींजिंग के बाद चेहरे पर घी लगाएं और 3 से 4 मिनट तक ऊपर और बाहर की ओर मसाज करें। सोने से पहले घी को गीली रूई से पोंछ लें। ऐसा नियमित रूप से करने से स्किन की चमक बढ़ती है और त्वचा पर जल्दी बुढ़ापा नजर नहीं आता है। घी होंठों की संवेदनशील त्वचा को पोषण देने में मदद करता है। रात को होंठों पर घी लगाएं और रात भर लगा रहने दें। चेहरा धोने के बाद आंखों के नीचे भी घी लगाएं। 15 मिनट बाद गीली रूई से इसे धीरे-धीरे पोंछ लें। इससे आंखों के आसपास झुर्रियां और काले घेरे भी कम हो जाते हैं।

घी त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद करता है, इसलिए इसका उपयोग चेहरे के साथ साथ शरीर की मालिश के लिए भी किया जा सकता है। आयुर्वेद में कहा गया है कि घी का उपयोग ऑयली स्किन को मुलायम और नमीयुक्त बनाए रखने के लिए किया जा सकता है। लेकिन यह सलाह दी जाती है कि ऑयली स्किन के लिए घी में नींबू के रस की कुछ बूंदें मिलानी चाहिए। ऑयली स्किन पर लगाने से घी रोमछिद्रों को बंद कर सकता है। इसलिए सर्दियों में इसे ऑयली स्किन पर लगाया जा सकता है। साथ ही ऑयली स्किन पर घी का प्रयोग कम मात्रा में करना चाहिए।

टैनिंग या सनबर्न से झुलसी त्वचा पर घी लगाने से आराम मिलता है। सनबर्न से राहत पाने के लिए रात में सोते समय चेरहे को अच्छी तरह साफ कर लें। फेस पर जहां सनबर्न हुआ है उस एरिया में घी लगाएं। घी लगाने से आपको सनबर्न में आराम मिलेगा। फेस पैक के लिए तीन चम्मच चोकर या जई को एक चम्मच घी, शहद और दही के साथ मिलाकर पेस्ट बना लें। चेहरे पर लगाएं और 20 मिनट बाद धो लें।

बालों पर ऐसे लगाएं: घी ड्राई और डैमेज बालों की चमक बढ़ाता है। खासकर वो बाल जिन्हें डाई, कलर, स्ट्रेटनिंग या पर्म करने के लिए बार-बार केमिकल ट्रीटमेंट से गुजरना पड़ा है। रूखे बालों में नमी की कमी होती है और उन्हें भरपूर पोषण की जरूरत होती है। घी में मौजूद फैटी एसिड बालों और रोम छिद्रों को पोषण देने में मदद करता है। इससे बालों को नमी बरकरार रखने में मदद मिलती है। बालों पर घी लगाने से ड्राई हेयर का टेक्सचर अच्छा होता है, बाल सॉफ्ट और शाइनी बन जाते हैं। घी से मसाज करने से बाल घने और मजबूत बनते हैं, साथ ही तेजी से बढ़ते भी हैं।