March 8, 2026

सेक्टर-82 में गैस पाइपलाइन टूटी, समय रहते कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

Faridabad/Alive News: ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-82 स्थित बीपीटीपी पार्क ग्रैंड्यूरा सोसाइटी के बाहर सड़क निर्माण के दौरान अडानी गैस की पाइपलाइन टूट गई, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। आसपास गैस की गंध फैलने लगी थी। जिससे हड़कंप मच गया।

सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि उन्होंने जेसीबी ऑपरेटरों को पहले ही चेतावनी दी थी कि जहां खुदाई की जा रही है, वहां गैस पाइप लाइन है। गैस कंपनी के कर्मचारी आने तक खुदाई रोक दी जाए, लेकिन ऑपरेटरों ने यह कहते हुए काम जारी रखा कि सावधानी से खुदाई करेंगे।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सतीश सहित अन्य निवासियों ने बताया कि बड़ा हादसा टल गया। बीपीटीपी की ओर से फायर टेंडर रोड बनाने के लिए खुदाई की जा रही थी, अचानक पाइपलाइन टूट गई और गैस का रिसाव होने लगा। तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां और गैस कंपनी की टीम मौके पर पहुंची। आनन फानन में मरम्मत की गई। सोसाइटी में करीब तीन हजार लोग रहते हैं। अगर समय पर कार्रवाई न होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।