Faridabad/Alive News : बल्लभगढ़ के प्याला स्थित भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) प्लांट में गैस लीक आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। उपायुक्त आयुष सिन्हा के आदेशानुसार जिला राजस्व अधिकारी के निर्देश में चीफ वार्डन सिविल डिफेंस एवं आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. एम.पी. सिंह के नेतृत्व में यह अभ्यास हुआ।
ड्रिल के दौरान 11 बजकर 15 मिनट पर गैस लीक की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया। सुरक्षा टीम ने आसपास की दुकानों, चूल्हों और वेल्डिंग कार्य को तुरंत बंद कराकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए असेंबली एरिया में एकत्र किया। प्रभावित क्षेत्र को बैरिकेड किया गया।
एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, रेड क्रॉस और सिविल हॉस्पिटल की टीमें समय पर मौके पर पहुंचीं। अभ्यास में आठ लोग हताहत दर्शाए गए, जिनमें दो बेहोश थे। सभी को सुरक्षित बचाकर मौके पर लगाए गए फर्स्ट एड पोस्ट पर उपचार दिया गया।
ड्रिल के अंत में एनडीआरएफ के सीओ अनिल कुमार ने सुझाव देते हुए सभी टीमों के समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की।

