June 6, 2026

पुणे में गैस लीक से धमाका, आग लगने से 1 की मौत, 2 घायल

Maharashtra/Alive News: महाराष्ट्र के पुणे के वाघोली इलाके में शुक्रवार सुबह एक रिहायशी इमारत में गैस लीक होने के बाद जोरदार धमाका हो गया, जिससे आग लग गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह घटना सुबह करीब 9:15 बजे खंडवे नगर स्थित दो मंजिला इमारत में हुई। धमाके के बाद इमारत से आग की लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही खराडी, धनोरी और येरवडा फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक आग पहली मंजिल तक फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में 35 वर्षीय पांडुरंग विष्णु गिट्टे की मौत हो गई, जबकि विष्णु मुंजाजी गिट्टे और वृंदाविनी विष्णु गिट्टे गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, पुराना LPG सिलेंडर खत्म होने के बाद नया सिलेंडर लगाया जा रहा था। इसी दौरान गैस का रिसाव होने लगा और गैस कमरे में भर गई। बाद में किसी वजह से आग लगने पर जोरदार धमाका हो गया।

आग से घर के हॉल, फर्नीचर, टीवी, बिजली की वायरिंग, बाथरूम फिटिंग और गीजर समेत कई सामान जलकर नष्ट हो गए। रसोई में रखा फ्रिज और अन्य घरेलू सामान भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।