March 7, 2026

पाले से गेहूं को लाभ, सरसों व सब्जी फसलों को नुकसान की आशंका

Faridabad/Alive News : सर्दी के मौसम में सोमवार सुबह सबसे अधिक पाला जमने का असर देखा गया। पाले का गेहूं की फसल पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है, क्योंकि यह फसल की अधिक बढ़वार को रोककर फुटाव (टिलरिंग) बढ़ाने में मदद करता है। फिलहाल गेहूं की फसल में दूसरा और तीसरा पानी दिया जा रहा है।

दूसरी ओर पाले के कारण सरसों, आलू, मटर और मूली जैसी फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। पिछले तीन दिनों से लगातार हल्का पाला पड़ रहा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

कृषि विज्ञानी डॉ. आनंद कुमार ने किसानों को सलाह दी है कि वे सरसों व अन्य संवेदनशील फसलों को पाले से बचाने के लिए हल्की सिंचाई करें। इसके साथ ही जिन किसानों ने गर्मी की सब्जियों की पौध तैयार की है, वे उसे फूस या कपड़े से ढककर सुरक्षित रखें, क्योंकि छोटी पौध पाले से जल्दी प्रभावित हो जाती है।

उन्होंने यह भी कहा कि फसलों के पास धुआं करने से पाले का असर कम किया जा सकता है। हालांकि गेहूं की फसल के लिए पाला फायदेमंद माना जाता है।