Faridabad/Alive News: सूरजकुंड रोड स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम (श्री सिद्धदाता आश्रम) में आज वैकुंठवासी गुरुमाता अशरफी देवी जी की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर एक बड़ा निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया।
इस शिविर का शुभारंभ हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण ने किया। उन्होंने गुरुमाता को श्रद्धांजलि अर्पित की और आश्रम परिसर में भगवान लक्ष्मीनारायण मंदिर में पूजा की। साथ ही, आश्रम द्वारा किए जा रहे धार्मिक, सामाजिक और सेवा कार्यों की सराहना की।
इस मौके पर उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधा लगाया और लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना न केवल पर्यावरण के लिए ज़रूरी है, बल्कि यह अपनी मां की याद को जीवित रखने का एक सुंदर तरीका भी है।
चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी लोगों ने हिस्सा लिया। यहां पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सामान्य स्वास्थ्य जांच और मोतियाबिंद की जांच की, जो पूरी तरह मुफ्त रही।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने की और पूरा माहौल श्रद्धा और भक्ति से भरा हुआ रहा।
कार्यक्रम में बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा, फरीदाबाद की मेयर प्रवीण जोशी, पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता व टेकचंद शर्मा, जिला उपायुक्त विक्रम सिंह, डॉ. सना तारिक समेत कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल हुए।
सभी अतिथियों ने गुरुमाता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि श्री सिद्धदाता आश्रम समाज सेवा, आध्यात्मिकता और संस्कृति के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रहा है, जो सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

