June 6, 2026

शेयर मार्केट के नाम पर 87.6 लाख की ठगी, खाता देने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 87 लाख 60 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर थाना NIT की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमित (53) नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अमित ने एक अन्य व्यक्ति मुकुल का बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। इसी खाते में ठगी के करीब 2 लाख रुपये आए थे। मुकुल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब अमित को कोर्ट में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि अक्टूबर 2025 में वह यूट्यूब चला रहा था, तभी उसे शेयर मार्केट में निवेश का एक विज्ञापन दिखा। उस पर क्लिक करने के बाद उसे एक व्हॉट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया और फिर कॉल के जरिए उसे ज्यादा मुनाफे का लालच दिया गया।

ठगों ने उसे 2000% तक मुनाफा और सस्ते में IPO दिलाने का वादा किया। उनकी बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 87.6 लाख रुपये भेज दिए, लेकिन उसे कोई फायदा नहीं मिला।

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसके बाद इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया गया।