June 6, 2026

फरीदाबाद के वार्ड-10 में अवैध मीट की 2 दुकानों पर कार्रवाई, नगर निगम ने किया सील

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम ने वार्ड नंबर 10 में अवैध रूप से चल रही मीट की दुकानों पर सख्त कार्रवाई की है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर टीम ने दो दुकानों को सील कर दिया।

यह कार्रवाई डबुआ कॉलोनी, एनआईटी फरीदाबाद के डी-ब्लॉक स्थित पुराने डाकघर इलाके में की गई। यहां बिना अनुमति के मीट की दुकानें चलाई जा रही थीं। इनमें सलामु पुत्र अब्दुल और अफसर पुत्र नूरुद्दीन की दुकान शामिल थी, जिन्हें नियमों का उल्लंघन करने के कारण बंद कर दिया गया।

यह पूरी कार्रवाई सफाई निरीक्षक बिशन तेवतिया के नेतृत्व में की गई। इस दौरान सहायक सफाई निरीक्षक अजीत रावत, राहुल और गजराज सहित निगम की टीम मौजूद रही।

अधिकारियों ने बताया कि इन दुकानों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कदम उठाया गया। उन्होंने साफ कहा कि आगे भी ऐसे अवैध काम करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

साथ ही व्यापारियों से अपील की गई है कि वे नगर निगम के नियमों का पालन करते हुए ही अपना काम करें।