March 7, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 29 लाख 9 हजार 2 सौ 69 रुपये की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ की पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर ठगी करने वाले को दो आरोपियों को शास्त्री नगर, पानीपत से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन की रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार  सेक्टर-11 डी निवासी एक व्यक्ति ने दी अपनी शिकायत में बताया कि उसको ठगों द्वारा एक “ए28वर्मा की पुस्तक चर्चा” के ग्रुप में जोड़ा गया। जहां पर क्यूआईबी और आईपीओ के माध्यम से लाभ कमाने बारे प्रशिक्षण दिया जाता था, 15 दिन के प्रशिक्षण के बाद क्यूआईबी ट्रेडिंग के लिए पंजीकरण के लिए कहा गया। जिसके बाद उसने ठगों द्वारा दी गई “अमांसा कैपिटल वेबसाइट” पर 50 हजार रुपये देकर खाता खुलवाया। जहां रोजाना सुबह नौ बजे से नौ बजकर पंद्रह मिनट तक भारतीय मार्केट और शाम को छ: बजे से सात बजे तक यूएसए मार्केट में क्यूआईबी  ट्रेडिंग करवाई जाती थी। जिसके बाद ठगों द्वारा उसे आईपीओ में निवेश कर मुनाफा कमाने का लालच दिया, जिसके लिए उसने कुल 29,09,269 रुपये का निवेश किया। 11 जून को जब उसके ट्रेडिंग अकाउंट में 80 लाख रुपए दिख रहे थे, तब उसने 31 लाख रुपए निकालने का अनुरोध किया। जब उसने पैसे निकालने के लिए अकाउंट मैनेजर के पास मैसेज किया तो उसके किसी भी मैसेज का जवाब नहीं दिया गया। तब उसे पता चला कि यह एक साइबर फ्रॉड था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश शामली बसेडा गांव निवासी मुकीम (उम्र 25)  व पानीपत शांति नगर निवासी रजत राजपाल (उम्र 31)  को शास्त्री नगर, पानीपत से गिरफ्तार किया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी मुकीम ने बताया कि उसकी मेल आईडी तथा रजत का फोन नम्बर उस खाता में प्रयोग हुआ है जिस खाता में ठगी के पैसे गये है। उसकी बेसडा गांव में खुद की मेडिकल लैब है, वहीं रजत की पानीपत में पेंट की दुकान है।