Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी कि उसने फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश से जुड़ा एक लिंक देखा था। जब उसने उस लिंक पर क्लिक किया, तो उसे व्हाट्सएप पर “केकेआरसीए स्टॉक निवेश अध्ययन समूह792” नाम के ग्रुप में जोड़ा गया।
ग्रुप में दूसरे लोगों की गतिविधियों को देखकर उसने भी निवेश करने का फैसला लिया। बाद में उसे दो और व्हाट्सएप ग्रुप – “VIP 1016” जैसे ग्रुपों में जोड़ा गया। वहां उसे एक लिंक भेजा गया, जिससे उसका एक ऑनलाइन खाता बनाया गया। इसके बाद उसने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 96 लाख 65 हजार रुपये निवेश कर दिए। लेकिन निवेश के बाद उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सैनिक कॉलोनी राजगढ, चुरू राजस्थान निवासी गौरव कसवा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि गौरव ने अपना बैंक खाता ठगों को दे दिया था, जिसमें ठगी के करीब 3 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को दो दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

