Faridabad/Alive News : टेलिग्राम पर टास्क करके पैसे कमाने का झांसा देकर 77,650 रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-28 की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दी थी कि वह इंस्टाग्राम चला रही थी, तभी उसे एक विज्ञापन दिखा जिसमें टास्क पूरे करके पैसे कमाने की बात कही गई थी। महिला ने झांसे में आकर 77,650 रुपये भेज दिए, लेकिन न तो उसे कोई पैसा वापस मिला और न ही वादा पूरा किया गया।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा और राजस्थान से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जतिन वत्स (उम्र 28), निवासी गांव शिडीपुर, जिला झज्जर, विक्की मान (उम्र 29), निवासी गांव लावा कलां, बहादुरगढ़, जिला झज्जर, सुनील मीणा (उम्र 26), निवासी जग्गा की ढाणी, बामनवास, जिला सवाई माधोपुर, शुभम मीणा (उम्र 22), निवासी प्रेम नगर 3, जामडोली, जयपुर।
जांच में पता चला कि ये सभी आरोपी ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी में किया जाता था। जतिन और विक्की पहले रिकवरी एजेंट की नौकरी करते थे जबकि सुनील और शुभम बी.ए. पास हैं और बेरोजगार हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि उनसे पूछताछ कर और जानकारी जुटाई जा सके।

