Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने ट्रेडिंग के नाम पर हुई एक बड़ी ठगी का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
फरीदाबाद सेक्टर-78 के एक व्यक्ति को नवंबर 2024 में व्हाट्सऐप पर ट्रेडिंग से जुड़े मैसेज आने लगे। ठगों ने उसे एसएमसी कस्टमर सर्विस में निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
शिकायतकर्ता ने लालच में आकर 34.43 लाख रुपये ठगों के खाते में डाल दिए। कुछ समय बाद उसके निवेश खाते में 1.94 करोड़ रुपये दिखने लगे। जब उसने पैसे निकालने चाहे, तो ठगों ने 5 लाख रुपये कमीशन मांगे। पीड़ित ने यह रकम भी दे दी, लेकिन फिर और पैसे मांगे जाने पर उसे ठगी का शक हुआ और पुलिस में शिकायत कर दी।
गिरफ्तार आरोपी साइबर थाना सेंट्रल टीम ने नागपुर (महाराष्ट्र) से अविनाश रमेश तांबेकर (52), रिंकू एंथोनी जेम्स (40), लक्की रविंद्र चव्हाण (30), आयुष सुरेंद्र खडसे (22), दिनेश देवी सिंह बम्होरे (24) को गिरफ्तार किया।
जांच में पता चला कि अविनाश ने अपना बैंक खाता आयुष, लक्की और रिंकू को दिया था। इन लोगों ने खाता आगे दिनेश को दिया और दिनेश ने इसे ठगों तक पहुंचा दिया। अविनाश के खाते में ठगी के 25 लाख रुपये आए थे।
पुलिस ने आयुष को 3 दिन के रिमांड पर लिया है, बाकी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

