March 8, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर ठगी: साइबर थाना सेंट्रल ने तीन आरोपी जोधपुर से किए गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने टेलीग्राम पर टास्क के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, फरीदाबाद के सेक्टर-19 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 12 फरवरी को उसे एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने उसे टेलीग्राम ऐप पर टास्क पूरा करने के बदले पैसे कमाने का लालच दिया। शुरू में उसे छोटे टास्क के बदले लगभग 2000 रूपए मिले। इसके बाद, उससे और टास्क के लिए कुल 94,801 रूपए ले लिए गए, लेकिन बाद में उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला। इस पर साइबर थाना सेंट्रल में केस दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने जोधपुर (राजस्थान) के रहने वाले रहीश खान, मुकद्दर खान और साबिर खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी साबिर के खाते में ठगी के 28,800 रुपए आए थे। साबिर ने अपना बैंक खाता मुकद्दर को दिया था, मुकद्दर ने आगे रहीश को और रहीश ने इस खाते की जानकारी ठगों को दे दी थी।

तीनों आरोपी जोधपुर में पत्थर कटिंग का काम करते हैं। पुलिस ने रहीश खान को अदालत में पेश कर 4 दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि मुकद्दर और साबिर को जेल भेज दिया गया है।