August 14, 2026

शेयर और आईपीओ में निवेश के नाम पर ठगी, खाता उपलब्ध कराने वाला युवक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने शेयर और आईपीओ में निवेश का झांसा देकर की गई ठगी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराता था।

साइबर थाना बल्लभगढ़ में जैन कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसके पास व्हाट्सएप पर मोतीलाल ओसवाल ऐप के नाम से एक लिंक आया। लिंक पर भरोसा कर उसने ठगों के कहने पर शेयर और आईपीओ में करीब 3,95,350 रुपये का निवेश किया। पैसे जमा करने के बाद ठगों ने उसका खाता बंद कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने प्रकाश चौधरी (27), निवासी गांव डांगीवास, जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि वह ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था। आरोपी बी.टेक पास है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।