Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में प्लॉट देने के बहाने धोखाधड़ी करने के मामले में थाना भूपानी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बदरपुर दिल्ली निवासी दुष्यंत कुमार ने शिकायत दी थी कि शिव प्रकाश उर्फ अजय शर्मा ने अपने साथियों विलियम पॉल और सोनू गुप्ता के साथ मिलकर भूपानी क्षेत्र में प्लॉट बेचने का झांसा दिया।
आरोपियों ने शिकायतकर्ता को भरोसा दिलाया कि उसे प्लॉट की रजिस्ट्री और कब्जा दोनों दिला दिए जाएंगे। 110 गज के प्लॉट के लिए 4 लाख 40 हजार रुपये तय हुए। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने स्टांप ड्यूटी के नाम पर 43 हजार 500 रुपये और ले लिए। इसके बावजूद न तो प्लॉट का कब्जा दिया गया और न ही पैसे वापस किए गए।
शिकायत के आधार पर थाना भूपानी में धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 जनवरी को आरोपी विलियम पॉल, निवासी हरसाना (सोनीपत) को जयपुर से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी रकम लेने के बाद कोई प्लॉट नहीं दिया। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने चेक दिए, जो बाउंस हो गए। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की और इसके बाद उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

