March 7, 2026

एयरपोर्ट नौकरी का झांसा देकर ठगी, दो फर्जी सिम कार्ड सप्लायर गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पल्ला क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 नवंबर 2025 को उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने खुद को फ्लाई एविएशन ग्रुप सर्विससे जुड़ा बताया और एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ की नौकरी दिलाने का दावा किया।

इसके बाद शिकायतकर्ता और उसकी बहन का फोन पर इंटरव्यू लिया गया और कुछ समय बाद उन्हें चयनित होने की बात कही गई। आरोपियों ने ड्रेस, कैंटीन कार्ड, ट्रेनिंग और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर महिला से 43,800 रुपये बैंक खाते में जमा करवा लिए। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी न तो जॉइनिंग लेटर मिला और न ही कोई नौकरी, तब पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ।

मामले की जांच करते हुए साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने उजैर खान और समीर हुसैन, दोनों निवासी ओल्ड सीलमपुर, ईस्ट दिल्ली, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले से गिरफ्तार ठगों विशाल और योगेश को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे, जिनका इस्तेमाल नौकरी के नाम पर लोगों से ठगी करने में किया जाता था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।