March 28, 2024

विधायक सीमा त्रिखा के सहयोग से आश्रम में चौथा वैक्सीनेशन कैंप लगा

Faridabad/Alive News : आज श्री सिद्धदाता आश्रम में कोविड 19 वैक्सीनेशन कैंप लगा जिसमें सैकड़ों लोगों ने वैक्सीन लगवाई। आश्रम में यह चौथा शिविर लगाया गया है। स्थानीय विधायक सीमा त्रिखा के निर्देश पर लगाये शिविर में बादशाह खान अस्पताल के चिकित्सकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आज के शिविर में आम लोगों ने टीके लगवाये। लोगों को टीका लगाने का कार्य सुबह ही प्रारंभ हो गया था। जो दोपहर बाद तक चला।

इस अवसर पर आश्रम के अधिपति जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने टीम को आशीर्वाद एवं प्रसाद भी दिया। उन्होंने सभी को कोविड वैक्सीन का टीका समय पर लगवाने के लिए भी प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचने के लिए टीका ही बचाव है। इसलिए शासन प्रशासन के निर्देशों का गंभीरता के साथ पालन करें। इस अवसर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शालिनी मंगला, विशाल सचदेवा, मेवला महाराजपुर यूपीएससी से गीता, एएनएम ज्योति, रीना, आशा वर्कर सोनिका, ममता, आईटी से महेश, नितेश, पवन का विशेष सहयोग रहा।