March 7, 2026

लड़ाई-झगड़े के मामले में चार युवक गिरफ्तार, सभी को जेल भेजा गया

Faridabad/Alive News: पुलिस लगातार लड़ाई-झगड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में 22 दिसंबर को पुलिस चौकी सेक्टर-11 की टीम ने मारपीट के एक मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मिलाड कॉलोनी, फरीदाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी सेक्टर-11 में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार 21 दिसंबर को वह अपने घर से बाटा चौक की ओर जा रहा था। रास्ते में उसे आकाश अपने दोस्तों के साथ मिला। आकाश ने उसे देखते ही गाली-गलौच शुरू कर दी। जब शिकायतकर्ता ने इसका विरोध किया तो सभी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।

शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आकाश, शेखर, सौरव और जतिन, सभी निवासी मिलाड कॉलोनी, फरीदाबाद, को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आकाश और शिकायतकर्ता के बीच पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। घटना वाले दिन आरोपियों ने न सिर्फ रास्ते में मारपीट की, बल्कि शिकायतकर्ता के घर तक पीछा कर वहां भी उसके साथ मारपीट की।

चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।