October 27, 2026

पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने दिया महारैली का न्योता, बोले- दिल्ली में जुटेंगे लाखों कार्यकर्ता

Faridabad/Alive News: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर मंगलवार को फरीदाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से महारैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

SIR के जरिए वोट काटने का लगाया आरोप

अशोक तंवर ने भाजपा पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के जरिए करोड़ों वोट काटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

व्यापारियों की चिट्ठी पर भी बोले तंवर

महारैली को लेकर व्यापारियों की ओर से जारी चिट्ठी के सवाल पर अशोक तंवर ने कहा कि इस तरह की चिट्ठियां सरकार के दबाव में जारी की जाती हैं। उन्होंने कहा कि जब बात लोकतंत्र को बचाने की हो, तो लोगों को एक दिन की परेशानी उठानी पड़े, तब भी पीछे नहीं हटना चाहिए। सभी लोगों को इस अभियान में सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि 1 नवंबर को होने वाली महारैली में लाखों लोग शामिल होंगे। महारैली के बाद मार्च भी निकाला जाएगा।

अनुमति नहीं मिली तो दूसरी जगह होगी मॉक संसद

30 अक्टूबर को दिल्ली के होटल अशोका में प्रस्तावित मॉक संसद को दिल्ली पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के मामले पर भी अशोक तंवर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जगह की कोई कमी नहीं है। यदि होटल अशोका में मॉक संसद आयोजित करने की अनुमति नहीं मिलती है, तो इसे किसी दूसरी जगह आयोजित किया जाएगा।

खरगे के बयान पर दी प्रतिक्रिया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर अशोक तंवर ने कहा कि उनकी भावनाएं अलग थीं और पूरे मामले को सही संदर्भ में देखा जाना चाहिए। भाजपा की प्रतिक्रिया के बीच उन्होंने कहा कि किसी भी बयान को समझने के लिए उसके पूरे संदर्भ पर ध्यान देना जरूरी है।