March 8, 2026

जिम के बाहर मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने सेक्टर-16 जिम के बाहर हुई मारपीट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी को पकड़ लिया।

अजरौंदा निवासी आशीष ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 29 नवम्बर की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने चाचा के बेटे राहुल के साथ सेक्टर-16 स्थित फिट फ्यूल फिटनेस जिम से बाहर निकला। पार्किंग में खड़ी दूसरी गाड़ी से एक युवक उतरा और उसने राहुल को पकड़ लिया। उसने अपने साथियों को भी बुलाया, जिसके बाद 6-7 लड़के लाठी, डंडे और हथौड़े लेकर आए और राहुल पर हमला कर दिया। इससे राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-17 में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस चौकी सेक्टर-16 की टीम ने शक्ति सिंह, तुषार, संजू और साहिल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि शक्ति सिंह की राहुल से पुरानी रंजिश थी, उसी वजह से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया। शक्ति सिंह पर पहले भी मारपीट के मामले दर्ज हैं।

चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।