Faridabad/Alive News: तकनीक के इस दौर में जहां लोग डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं, वहीं साइबर ठग इसका गलत इस्तेमाल कर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला फरीदाबाद के साइबर थाना NIT क्षेत्र से सामने आया है, जहां शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 1,40,60,000 रुपये की ठगी की गई।
इस मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने चार आरोपी सचिन कुमार (निवासी रायपुर), ओम (निवासी इंदौर), लुपेश साह (निवासी सिमरन सिटी, रायपुर) और मेहुल (निवासी रायपुर) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ग्रीनफील्ड कॉलोनी फरीदाबाद की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह फेसबुक चला रही थी, तभी उसे शेयर ट्रेडिंग सीखने से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करते ही वह एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जुड़ गई, जिसका नाम A60 Avendus Asset Management Business School-182 था।
ग्रुप में जुड़ने के बाद अलग-अलग व्हाट्सऐप नंबरों से उसे कॉल आने लगे और शेयर मार्केट व IPO में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। झांसे में आकर महिला ने कई बार में कुल 1.40 करोड़ से अधिक राशि ट्रांसफर कर दी। जब उसने अपना पैसा निकालने की कोशिश की, तो वह नहीं निकाल पाई।
इसके बाद पीड़िता ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी, जिस पर ठगी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी लुपेश इस मामले में खाताधारक था, जिसने अपना बैंक खाता अपने साथी ओम और मेहुल को दिया था। आगे यह खाता सचिन को सौंप दिया गया। लुपेश के खाते में ठगी की रकम में से करीब ₹3.5 लाख रुपये आए थे। ओम और मेहुल आपस में भाई हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

