May 18, 2024

चार दिवसीय योग शिविर प्रारंभ, योग से सभी व्याधियों का कर सकते है उपचार

Faridabad/Alive News : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनएच तीन फरीदाबाद की सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, गाइड्स और जूनियर रेडक्रॉस ने विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में चार दिवसीय योग शिविर प्रारंभ हुआ। योग दिवस के उपलक्ष्य में बच्चों को घर रहकर नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित करते हुए प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा 30 जून तक विद्यार्थियों का ग्रीष्म अवकाश घोषित किया हुआ है तथा बच्चों की ऑनलाइन क्लासेज शुरू हो गईं हैं और बच्चे पढ़ाई के साथ- साथ शिक्षेत्तर गतिविधियों में भी बढ़ चढ़ कर भाग ले रहे हैं।

विद्यालय के बच्चे, अध्यापक और अभिभावक भी सुबह और शाम के सत्र में योग शिविर में भाग ले कर योगाभ्यास कर रहे हैं। सुबह के सत्र का संचालन विद्यालय की शिक्षिका जसनीत कौर और ममता द्वारा किया जा रहा है और शाम के सत्र का संचालन तमसो मा ज्योतिर्गमय संस्था के फाउंडर प्रेसिडेंट तरुण शर्मा और योगिराज कृष्ण अकादमी के योगाचार्य मनीष आर्य के सहयोग से किया जा रहा है। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि योग में कोरोना से भी मुक्ति का उपाय है। उन्होंने कहा कि शरीर, मन और आत्मा को नियंत्रित करने में योग मदद करता है। शरीर और मन को शांत करने के लिए यह शारीरिक और मानसिक अनुशासन का एक संतुलन बनाता है। यह तनाव और चिंता का प्रबंधन करने में भी सहायता करता है और आपको आराम से रहने में मदद करता है। योग आसन शक्ति, शरीर में लचीलेपन और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए जाना जाता है।

नियमित योग करते रहने से अनगिनत लाभ हैं। मांसपेशियों के लचीलेपन में सुधार और शरीर के आसन और एलाइनमेंट को ठीक करता है। बेहतर पाचन तंत्र प्रदान करता है। आंतरिक अंग मजबूत करता है, अस्थमा का इलाज करता है। मधुमेह का इलाज करता है। दिल संबंधी समस्याओं का इलाज करने में मदद करता है। योग शक्ति को बढ़ावा देता है, एकाग्रता में सुधार तथा मन और विचार नियंत्रण में मदद करता है। चिंता, तनाव और अवसाद पर काबू पाने के लिए मन शांत रखता है। रक्त परिसंचरण और मांसपेशियों के विश्राम में मदद करता है, वज़न घटाना व चोट से संरक्षण करता है। ये सब योग के लाभ हैं। योग स्वास्थ्य और आत्म-चिकित्सा के प्रति आपके प्राकृतिक प्रवृत्ति पर ध्यान केंद्रित करता है।

योग सत्र में मुख्य रूप से व्यायाम, ध्यान और योग आसन शामिल होते हैं जो विभिन्न मांसपेशियों को मजबूत करते हैं। योगीराज कृष्ण अकादमी के योगाचार्य मनीष आर्य और अध्यापिका ममता ने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग को सर्वोत्कृष्ट विकल्प के रूप में अपनाने पर जोर दिया। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने सभी प्रतिभागी बालिकाओं, अध्यापकों तथा विशेष रूप से तमसो मां ज्योतिर्गमय से तरुण शर्मा, मनीष आर्य , ममता और जसनीत कौर का योग शिविर आयोजित करने में सहयोग के लिए बहुत बहुत आभार व्यक्त किया।