March 7, 2026

दुकानदार से रंगदारी मांगने और मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने थाना डबुआ क्षेत्र में एक दुकानदार से रंगदारी मांगने और उसके साथ मारपीट करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस शहर में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।

शिकायतकर्ता भारत अदलखा, निवासी डबुआ कॉलोनी, ने पुलिस को बताया कि 3 मार्च को वह अपने पिता के साथ डबुआ की 17 नंबर चुंगी पर पानी की दुकान में बैठा था। तभी एक गाड़ी में आए तीन लड़कों ने काम बंद करने की धमकी दी और चले गए।

इसके बाद 12 मार्च की शाम करीब 6 बजे 5-6 लड़के दुकान पर आए और अंदर घुसकर उसके साथ मारपीट की और पैसे छीनकर भाग गए। शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में मामला दर्ज कर लिया गया।

अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है प्रथम उर्फ पार्थ (23), निवासी मठिया, बिहार हाल डबुआ कॉलोनी, दिलशाद उर्फ दिल्ला (22), निवासी सोरम, मुजफ्फरनगर, यूपी (हाल गाजीपुर), मुकेश उर्फ मुक्के (22), निवासी फालेन, मथुरा, यूपी (हाल गाजीपुर), सौरव उर्फ सुच्चा (24), निवासी शारिका पुरवा, रायबरेली, यूपी (हाल डबुआ कॉलोनी)।

पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी कमल भड़ाना के साथी हैं। कमल भड़ाना के कहने पर ही वे शिकायतकर्ता से रंगदारी मांगने गए थे। रंगदारी न मिलने पर उन्होंने दुकानदार के साथ मारपीट की और पैसे छीन लिए। कमल भड़ाना को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है।

चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।