March 9, 2026

खोखा पर तोड़फोड़ और मारपीट मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और बाइक बरामद

Faridabad/Alive News: पुलिस चौकी IMT की टीम ने मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

गांव मुझेडी निवासी आशीष ने पुलिस को बताया कि उसका IMT फरीदाबाद में मोबाइल रिपेयर और मनी ट्रांसफर का खोखा है। 8 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे चार युवक दो बाइकों पर स्टंट कर रहे थे। मना करने पर उन्होंने खोखे में बाइक मार दी, गाली-गलौज की और धमकी देकर चले गए। करीब 11:30 बजे 8-10 युवक हथियार लेकर लौटे और बंद खोखे पर डंडे मारने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने चार आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि बाकी भाग गए। एक आरोपी के पास अवैध हथियार भी था।

पुलिस ने रामबीर और यशपाल (गांव छपरौला, पलवल), अभिषेक यादव (डबुआ कॉलोनी) और अंकित पटेल (यादव कॉलोनी, बल्लभगढ़) को गिरफ्तार किया। रामबीर के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। चारों की मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। जांच में पता चला कि तीन आरोपी IMT की पोलिमेड कंपनी में काम करते हैं और एक पढ़ाई कर रहा है।

अदालत ने अभिषेक, अंकित और यशपाल को नीमका जेल भेज दिया, जबकि रामबीर को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।